चंदौली में कोचिंग के बाहर छात्र की चाकू मारकर हत्या, 10वीं के छात्र को पुलिस ने लिया हिरासत में
चंदौली। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दो छात्रों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 16 वर्षीय लवकुश निवासी प्रतापपुर के रूप में हुई है। वह कक्षा 10 का छात्र था और प्रतिदिन की तरह सुबह कोचिंग पढ़ने पहुंचा था। इसी दौरान कोचिंग संस्थान के बाहर उसका दूसरे छात्र से विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी छात्र ने लवकुश पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी छात्र ने बताया है कि मृतक पिछले तीन-चार दिनों से उसे लगातार गाली दे रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। आरोपी भी कक्षा 10 का छात्र है और फतेहपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
दिनदहाड़े कोचिंग संस्थान के बाहर हुई इस हत्या से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना ने एक बार फिर छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और छोटी-छोटी बातों पर होने वाली गंभीर वारदातों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।