चंदौली में 30 नवंबर को लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी का मौका

 चंदौली के सकलडीहा ITI परिसर में 30 नवंबर को वृहद रोजगार मेला लगेगा। 50 से अधिक कंपनियां हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, ITI और डिप्लोमा पास युवाओं का चयन करेंगी।
 

पीडीडीयू नगर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 30 नवंबर को जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला राजकीय आईटीआई परिसर, सकलडीहा में लगेगा।

इसमें 50 से अधिक निजी कंपनियां शामिल होकर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी और योग्यता के आधार पर चयन करेंगी।

जिला सेवायोजन अधिकारी ओमजी गुप्ता ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर मेले से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।

50 से अधिक कंपनियां करेंगी चयन

रोजगार मेले में विजन इंडिया, शाइन एजुकेशन, यूएसवी सोलर एनर्जी, महादेव हनुमत विजय लेटेस्ट, सिस्का इलेक्ट्रिकल्स और एग्जोमेन इंटीरियर डिजाइनर्स सहित 50 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के आधार पर चयन करेंगे।

हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मौका

इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा और आईटीआई पास अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त युवा भी आवेदन कर सकते हैं।

ये दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी

मेले में आने वाले युवाओं को अपने सभी शैक्षिक अंकपत्र और प्रमाणपत्र, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। अभ्यर्थियों को आयोजन स्थल पर सुबह 10 बजे पहुंचना होगा। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

आवेदन और चयन पूरी तरह निःशुल्क

इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर मेले में भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। भर्ती और पंजीकरण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, चंदौली से संपर्क किया जा सकता है।