चंदौली रिंग रोड परियोजना पर उठे सवाल, मकान अधिग्रहण का विरोध, डीएम से एलाइनमेंट बदलने की मांग

 चंदौली के तेजोपुर में प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना के तहत मकान अधिग्रहण का विरोध तेज हो गया है। ग्रामीण ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर एलाइनमेंट बदलने और अपने आवास को बचाने की मांग की है।
 

चंदौली। जनपद में प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। ग्राम तेजोपुर निवासी एक ग्रामीण ने अपने आवासीय मकान के अधिग्रहण का विरोध करते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीण ने परियोजना के एलाइनमेंट में बदलाव कर उसके मकान को बचाने की मांग की है।

प्रार्थी ने बताया कि वह मौजा तेजोपुर, परगना नरवन, तहसील एवं जनपद चंदौली का निवासी है। उसकी आराजी संख्या-35 में बना आवासीय मकान प्रस्तावित रिंग रोड की जद में आ रहा है। उनका कहना है कि यदि मकान का अधिग्रहण किया गया तो पूरा परिवार बेघर हो जाएगा और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।

ग्रामीण ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि रिंग रोड के प्रस्तावित एलाइनमेंट को दक्षिण दिशा की ओर स्थानांतरित किया जाए। उनका दावा है कि दक्षिण दिशा में कोई आवासीय भवन नहीं है, इसलिए एलाइनमेंट में बदलाव करने से न तो परियोजना प्रभावित होगी और न ही किसी परिवार को अपना घर खोना पड़ेगा।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि वर्तमान प्रस्ताव के अनुसार अधिग्रहण किया गया तो परिवार के सामने गंभीर सामाजिक और आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा। ऐसे में प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मामले पर पुनर्विचार करे।

रिंग रोड परियोजना जनपद के यातायात को सुगम बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि अब इस मामले में जिला प्रशासन के निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि एलाइनमेंट में संशोधन किया जाता है तो एक परिवार का आशियाना सुरक्षित रह सकता है, वहीं परियोजना का कार्य भी बिना किसी बड़े अवरोध के आगे बढ़ सकता है।