विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर चंदौली प्रेस क्लब की गोष्ठी आयोजित, 17 मई को पत्रकारों के लिए होगी विशेष कार्यशाला

 
 चंदौली/पीडीडीयू नगर। चंदौली प्रेस क्लब के उक्त ऐतिहासिक निर्णय के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एवं विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित स्थानीय सभागार में रविवार को चंदौली प्रेस क्लब द्वारा "पत्रकारिता की सार्थकता" विषय पर एक विचार गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।

बताते चलें कि आज से एक वर्ष पूर्व, तीन मई 2025 को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा पीडीडीयू नगर स्थित स्थानीय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से चंदौली प्रेस क्लब की आधारशिला रखे जाने का निर्णय लिया गया था। संगठन की आधारशिला रखते समय जिले में पहले से सक्रिय विभिन्न पत्रकार संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों को समाहित करते हुए चंदौली प्रेस क्लब की नींव रखी गई थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंदौली प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमरेंद्र पांडे ने कहा कि हम सभी को अभी बहुत कुछ सीखने और समझने की आवश्यकता है, जिससे हम समाज को बेहतर दिशा देने के साथ उसे कुछ सकारात्मकता प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही और संवेदनशीलता भी इसकी मूल आत्मा है।

वरिष्ठ पत्रकार पवन तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह समझने की आवश्यकता है कि आज भी पूरे विश्व में प्रेस पूरी तरह स्वतंत्र नहीं है। उन्होंने फिलीस्तीन-इज़राइल संघर्ष (गाजा/लेबनान), रूस-यूक्रेन युद्ध तथा ईरान-अमेरिका और इज़राइल के बीच तनावपूर्ण परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गाजा या यूक्रेन जैसे क्षेत्रों में जब इंटरनेट और संचार के साधनों को बाधित कर दिया जाता है, तब पत्रकार ही दुनिया की “आंख और कान” बनते हैं। पत्रकार युद्ध अपराधों को रिकॉर्ड करते हैं, जो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय न्यायालयों में न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। इसके बावजूद आज भी पत्रकार कई प्रकार के दबावों और चुनौतियों के बीच पूरी तरह स्वतंत्र नहीं हैं।

प्रेस क्लब के महामंत्री एवं वरिष्ठ पत्रकार बृजेश कुमार ने बताया कि आगामी 17 मई को चंदौली प्रेस क्लब द्वारा जिले के सभी पत्रकारों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में इच्छुक पत्रकार साथी सहभागिता कर पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

 

गोष्ठी में जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने सहभागिता करते हुए पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, चुनौतियों, निष्पक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक एवं सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाती है।

कार्यक्रम के दौरान चंदौली प्रेस क्लब की स्थापना के उद्देश्य, संगठन की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पत्रकारों ने संगठन की एकता एवं पत्रकार हितों की रक्षा हेतु निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया। 

इस कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार कमलेश तिवारी, सरदार महेंद्र सिंह, आशाराम यादव, राजीव जायसवाल, राजेंद्र कुमार, भागवत नारायण चौरसिया, सूर्य प्रकाश सिंह, आफताब आलम, तलवार सिंह, मनोज उपाध्याय, मोहम्मद फजल, कृष्ण मोहन गुप्ता, फैयाज अंसारी, संदीप कुमार निगम उपस्थित रहे।