चंदौली पुलिस की पहल से फिर एक हुए पति-पत्नी, मिशन शक्ति केंद्र ने सुलझाया पारिवारिक विवाद
चंदौली। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत चंदौली पुलिस ने पारिवारिक विवाद के कारण अलग रह रहे एक दंपती के बीच सुलह कराकर उन्हें फिर से साथ रहने के लिए राजी किया।
थाना चंदौली स्थित मिशन शक्ति केंद्र की पहल पर दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया गया। आपसी सहमति बनने के बाद दंपती ने नए सिरे से वैवाहिक जीवन शुरू करने का निर्णय लिया।
पुलिस के अनुसार, पति और परिजनों के खिलाफ पारिवारिक विवाद को लेकर एक प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र ने दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल के माध्यम से सूचना देकर थाने बुलाया। यहां काउंसलिंग के दौरान उन्हें पारिवारिक रिश्तों के महत्व और आपसी सम्मान के बारे में समझाया गया।
पुलिस की समझाइश के बाद पति-पत्नी ने अपनी पुरानी बातों और गलतियों को स्वीकार करते हुए आपसी सहमति से साथ रहने पर रजामंदी जताई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों ने बिना किसी दबाव के यह निर्णय लिया है। इसके बाद दंपती को उनके परिजनों के साथ खुशी-खुशी घर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा के साथ पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाने का प्रयास भी किया जा रहा है।