चंदौली पुलिस व एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 501 किलो गांजा बरामद
चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रोहतास जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मुगलसराय थाना पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की टीम ने पराग डेयरी के पास कटरिया अंडरपास के समीप चेकिंग अभियान के दौरान टाटा अल्ट्रा ट्रक संख्या BR24GD8352 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में लदे लोहे के एंगल और मसालों के बीच छिपाकर रखी गई 20 बोरियों से 501.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरेन्द्र सिंह यादव और राजकुमार यादव निवासी नूरगंज, थाना सासाराम, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे उड़ीसा के बौध जिले से गांजा लाकर बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे तथा इससे भारी आर्थिक लाभ अर्जित करते थे।
पुलिस ने बरामद गांजा, ट्रक तथा दो मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर थाना मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच जारी है।