Chandauli News: NH-19 पर खड़े डंपर में ट्रक की जोरदार टक्कर, केबिन में फंसा चालक, लापरवाही पर उठे सवाल...

चंदौली के जगदीश सराय स्थित NH-19 पर खड़े डंपर में ट्रक की जोरदार टक्कर से चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। NHAI की देरी और बिना रेस्क्यू उपकरण पहुंची टीम पर सवाल उठे।

 

चंदौली। चंदौली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय के पास नेशनल हाईवे-19 (NH-19) पर खड़े एक डंपर में पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद NHAI की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद करीब डेढ़ घंटे बाद क्रेन मौके पर पहुंची। इतना ही नहीं, रेस्क्यू टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के बिना पहुंची, जिससे राहत कार्य में देरी हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि स्थानीय लोग तुरंत रेस्क्यू शुरू नहीं करते तो चालक की जान को और बड़ा खतरा हो सकता था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर आपातकालीन रेस्क्यू व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।