Chandauli News: चन्दौली हॉस्पिटल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
चंदौली। चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर गांव के जीवक हॉस्पिटल में सोमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। बीपी चेक कराने के बहाने अस्पताल में पहुंचे एक युवक ने भर्ती महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान बिहार के भभुआ जिले के बढ़वना गांव निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी पत्नी विदेशी राम के रूप में हुई है। वह अपने पैर के इलाज के लिए 5 मई से जीवक हॉस्पिटल में भर्ती थीं। सोमवार सुबह एक युवक अस्पताल पहुंचा और बीपी जांच कराने की बात कहकर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने अचानक महिला पर दोनों हाथों से लगातार गोलियां चला दीं।
गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। घटना के बाद अस्पतालकर्मियों और मरीजों में चीख-पुकार मच गई। आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों और ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
देखे विडियो...
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।