Chandauli news: बरहनी के अरंगी में गेहूं खरीद ठप, किसानों का फूटा गुस्सा-क्रय केंद्र न खुलने पर प्रदर्शन

चंदौली के बरहनी ब्लॉक के अरंगी गांव में गेहूं खरीद केंद्र न खुलने से किसानों में आक्रोश। 500 एकड़ फसल खलिहान में पड़ी, किसानों ने किया प्रदर्शन और दी आंदोलन की चेतावनी।

 

चंदौली के बरहनी ब्लॉक के अरंगी गांव में गेहूं खरीद केंद्र न खुलने से किसानों में आक्रोश। 500 एकड़ फसल खलिहान में पड़ी, किसानों ने किया प्रदर्शन और दी आंदोलन की चेतावनी।

चंदौली, बरहनी। जनपद चंदौली के बरहनी ब्लॉक अंतर्गत अरंगी ग्राम सभा में गेहूं खरीद को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में किसानों ने सरकारी क्रय केंद्र न खुलने के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 500 एकड़ में गेहूं की फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक खरीद केंद्र शुरू नहीं किया गया है। इससे किसानों की फसल खलिहानों में खुले आसमान के नीचे पड़ी है, जिससे खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द खरीद शुरू नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

किसान नेता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि पहले के वर्षों में धान और गेहूं की खरीद समय पर होती थी, लेकिन इस वर्ष स्थिति बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारियों और स्थानीय विधायक से कई बार बातचीत की जा चुकी है, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

वहीं किसान गुलाब सिंह ने बताया कि कटाई के 10 दिन बीत जाने के बाद भी खरीद की व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह ने भी प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव में बड़े पैमाने पर गेहूं तैयार है और किसान परेशान हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा गोदाम की कमी का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि गांव की ओर से गोदाम और कार्यालय की व्यवस्था देने की बात कही गई है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द क्रय केंद्र नहीं खोला गया तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

प्रदर्शन में त्रिभुवन नारायण सिंह, बालेश्वर सिंह, अजय सिंह, राजेश पांडेय, वीरेंद्र पाल सिंह, सुजीत सिंह समेत कई किसान मौजूद रहे।