Chandauli News: ककरही गांव में हिंसक झड़प, तलवार के हमले से दो घायल, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली। जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के ककरही गांव में शुक्रवार को दो समुदायों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक का कान कट गया, जबकि उसके पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उन पर जानलेवा हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।