Chandauli News: ग्राम प्रधानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्यकाल बढ़ाने की उठाई मांग
चंदौली जिले के ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान संगठन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में निकट भविष्य में पंचायत चुनाव होने की संभावना नहीं दिख रही है, इसलिए प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाना आवश्यक है। उनका कहना था कि ग्राम प्रधान ही गांवों की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से भलीभांति परिचित होते हैं तथा सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करते हैं।
ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष पवन प्रताप सिंह ने कहा कि कई राज्यों में चुनाव नहीं होने की स्थिति में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने के उदाहरण मिल चुके हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी यह निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में ग्राम प्रधानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक एवं मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान 26 मई से पहले सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आगे किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न उत्पन्न हो।
इस दौरान विवेक कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, जेपी चौहान, सतीश कुमार सिंह, नीलम यादव, धीरज यादव और चंद्रमा सिंह सहित कई प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।