Chandauli News:24 घंटे में 3 हत्याएं करने वाला शातिर साइको किलर पुलिस मुठभेड़ में ढेर
चंदौली। पूर्वांचल में दहशत का पर्याय बन चुके 24 घंटे में तीन सनसनीखेज हत्याओं के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के Amritsar का रहने वाला था और वर्ष 2021 में सेना से रिटायर हुआ था। पुलिस के अनुसार वह बिना किसी व्यक्तिगत दुश्मनी के लोगों को निशाना बना रहा था और रैंडम तरीके से हत्याएं कर रहा था।
इस पूरे ऑपरेशन को एसओजी, अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
24 घंटे में तीन हत्याओं से दहल गया था जिला
खूनी घटनाओं की शुरुआत डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन से हुई थी, जहां आरोपी ने एक यात्री के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया था।
इसके बाद दूसरी घटना जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई, जहां चलती ट्रेन में एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। इस घटना के बाद रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
तीसरी और सबसे सनसनीखेज वारदात अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित Jeevak Hospital में हुई। यहां भर्ती महिला मरीज के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल से भागते समय पकड़ा गया था आरोपी
महिला की हत्या के बाद आरोपी अस्पताल से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसकी पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मानसिक रूप से विकृत प्रवृत्ति का था और बिना किसी वजह के आम लोगों को निशाना बना रहा था। लगातार तीन हत्याओं के बाद पूरे जिले में भय और दहशत का माहौल बन गया था।
.
घटनास्थल पर ले जाते समय पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था, तभी उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गुरप्रीत सिंह मारा गया। मौके से पुलिस ने रिवॉल्वर, कारतूस और कटी हुई डीबीबीएल गन बरामद की है।
लगातार तीन हत्याओं से सहमे लोगों ने आरोपी के मारे जाने के बाद राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।