Chandauli News: धानापुर में भीषण आग से ट्रैक्टर-ट्रॉली और गृहस्थी का सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान

 
 

चंदौली। चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कवई पहाड़पुर गांव में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से एक किसान की गृहस्थी पूरी तरह तबाह हो गई। आग की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुआल और घर का सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब पांच लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार कवई पहाड़पुर गांव निवासी राम परीक्षा यादव भारत गैस एजेंसी के पास रहते हैं और खेती-किसानी का कार्य करते हैं। ट्रैक्टर और खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गैस गोदाम के पास स्थित उनकी मड़ई में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते विकराल हुई आग

ग्रामीणों के मुताबिक आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों में ट्रैक्टर-ट्रॉली, घर का सामान और पशुओं के लिए रखा डेढ़ बीघा पुआल जलकर राख हो गया। घटना के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बाल्टी और लोटा लेकर मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। वहीं सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।