Chandauli News: गंगा तट के तीन मंदिरों में चोरी, चांदी के मुकुट और 100 किलो का घंटा ले गए चोर
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव स्थित गंगा तट के तीन प्रमुख मंदिरों में चोरी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने बाबा सरजू दास कुटी, वीर बाबा मंदिर तथा शंकर-हनुमान मंदिर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की धार्मिक सामग्री पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार चोर मंदिरों से चांदी के मुकुट, लगभग 100 किलोग्राम वजनी घंटा, पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले बर्तन, लोटा, बाल्टी समेत अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारी ने मंदिरों के ताले टूटे और सामान गायब देखा।
मंदिरों में एक साथ हुई चोरी की वारदात से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंदिरों में हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।