Chandauli News: चंदौली में जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया शुरू, डीएम समेत अधिकारियों ने किया सेल्फ एन्यूमरेशन
चंदौली। जनगणना-2027 के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के प्रथम दिन गुरुवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी डॉ. सपना अवस्थी तथा पीडी डीआरडीए बृजभान सिंह समेत जनपद स्तरीय अधिकारियों ने स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूरी की।
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि जनगणना-2027 भारत में होने वाली आगामी राष्ट्रीय जनगणना है, जिसके अंतर्गत देश के प्रत्येक व्यक्ति, परिवार और आवास से संबंधित आधिकारिक आंकड़े जुटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनगणना के सुचारू संचालन के लिए स्वगणना एचएलओ चरण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिक स्वयं अपने परिवार एवं आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर सहभागिता सुनिश्चित करें और जनगणना-2027 कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।