Chandauli News: जलभराव से प्रभावित लोकुवा गांव का मुख्य मार्ग, बच्चों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

लोकुवा गांव का मुख्य मार्ग बदहाल, गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
 
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, बीडीओ बोले- जल्द कराया जाएगा मार्ग का कायाकल्प

चंदौली। धानापुर विकासखंड क्षेत्र के लोकुवा गांव में विद्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे छात्रों, मरीजों और ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे अधिक दिक्कत विद्यालय आने-जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। बच्चों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं, अस्पताल जाने वाले मरीजों और अन्य राहगीरों के लिए भी यह मार्ग परेशानी का कारण बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार ग्रामीण सड़कों के विकास और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, वहीं दूसरी ओर लोकुवा गांव की यह सड़क सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है। उनका आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

अंबेडकर प्रतिमा से लोकुवा गांव को जोड़ने वाले इस मार्ग की जर्जर स्थिति के चलते ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर गांव के रुस्तम अली, मकसूदन अली, सतर अली, राम सनेही गोंड, रहीम अली, मंगला खरवार, दिनेश शर्मा, निहोर, मोहन विश्वकर्मा, मुरारी विश्वकर्मा, इद्रीस अली सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।

इस संबंध में धानापुर विकासखंड के खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। ग्राम विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मार्ग के शीघ्र सुधार एवं कायाकल्प की कार्रवाई कराई जाएगी।