Chandauli News: कथित धर्मांतरण मामले में पुलिस की छापेमारी, छह गिरफ्तार

 धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में छह गिरफ्तार, धार्मिक साहित्य व वाहन बरामद
 
 सकलडीहा में कथित अवैध धर्मांतरण गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार, धार्मिक सामग्री व वाहन बरामद

 

चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने गुरुवार को कथित अवैध धर्मांतरण गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ग्राम इटवा स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम इटवा के एक मकान में लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बड़े कमरे में महिला एवं पुरुषों को एकत्र पाया। पुलिस का कहना है कि वहां माइक के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था तथा धार्मिक पुस्तकें एवं प्रचार सामग्री वितरित की जा रही थीं। मौके से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। इस दौरान धार्मिक साहित्य वितरित किया जाता था तथा विभिन्न प्रकार के प्रलोभन एवं धार्मिक विश्वासों के आधार पर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाता था। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  • धीरज सिंह, निवासी जनपद गाजीपुर
  • राजेश मौर्य, निवासी ग्राम इटवा, थाना सकलडीहा
  • कमलेश कुमार, निवासी ग्राम इटवा, थाना सकलडीहा
  • गुड्डू, निवासी चितईपुर, वाराणसी
  • दिनेश कुमार पटेल, निवासी सारनाथ, वाराणसी
  • अजीत कुमार, निवासी नेगुरा, थाना धानापुर, चंदौली

बरामदगी

पुलिस ने मौके से 7 बाइबिल, 200 धार्मिक पम्पलेट, 50 धार्मिक पुस्तिकाएं, एक होम थिएटर, दो माइक, एक मारुति सुजुकी जेन कार तथा दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना सकलडीहा पर मु0अ0सं0 145/2026 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2024 की धारा 3 एवं 5(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।