Chandauli News: गंगा में डूबे युवक का 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
चंदौली। जिले के धानापुर क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे युवक मंगल यादव का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को ग्राम प्रधान मनोज उपाध्याय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सकलडीहा के उपजिलाधिकारी समेत उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार और प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लोग प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते रहे। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। टीम द्वारा असमर्थता जताने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह बुद्धपुर गांव निवासी 18 वर्षीय मंगल यादव पुत्र किशुनदेव यादव अपने तीन साथियों के साथ भैंस लेकर गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान सभी युवक तैरकर गंगा नदी पार करने लगे। इसी दौरान तेज धारा की चपेट में आने से मंगल यादव गहरे पानी में डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने नाव और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ/एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया, लेकिन मंगलवार दोपहर तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
चक्काजाम की सूचना पर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि प्रशासन समय रहते गंभीरता दिखाता, तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से नाव में तेल भरवाने के लिए पैसे लिए गए थे, जिन्हें उनके हस्तक्षेप के बाद वापस किया गया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर पीड़ित परिवार से शोक संवेदना व्यक्त करने न पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाए।