Chandauli News: चंदौली के सुल्तानपुर गांव में बड़ी चोरी, नगदी समेत 25 लाख के गहने ले उड़े चोर

 

चंदौली के सदर विकास खंड अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी समेत करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित सुनील पाण्डेय के अनुसार देर रात चोर घर में घुस आए और दरवाजे की कुंडी बंद कर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा मिला।

पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर लगभग 50 से 60 हजार रुपये नगद के साथ करीब 25 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के हार, कंगन, कान के तीन जोड़ी आभूषण, चांदी के जेवर और महंगी साड़ियां शामिल हैं।

घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त नहीं होने पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि लगातार गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ गए हैं।

सूचना मिलते ही नवही चौकी प्रभारी तरुण कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और गांव में भय व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।