Chandauli News: सकलडीहा में झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी से मचा हड़कंप

 
 

चंदौली। चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई क्लिनिक संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मनियारपुर (बभनपुरा) समेत आसपास के क्षेत्रों में कई संदिग्ध क्लिनिकों की जांच की। इस दौरान सकलडीहा प्रभारी डॉ. बीके प्रसाद, डॉ. संजय यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

दस्तावेज मांगते ही बंद हुए क्लिनिक

जांच टीम ने क्लिनिक संचालकों से पंजीकरण प्रमाणपत्र, चिकित्सकीय डिग्री, दवा लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मांग की। अचानक हुई कार्रवाई से कई कथित झोलाछाप डॉक्टर क्लिनिक बंद कर फरार हो गए। टीम ने कई स्थानों पर जांच कर आवश्यक जानकारी जुटाई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

बिना डिग्री इलाज करने की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र में अमरनाथ उर्फ पप्पू नामक व्यक्ति द्वारा बिना मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय डिग्री के मरीजों का इलाज किए जाने और दवा वितरण की चर्चा है। कुछ प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल की शिकायतें भी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची हैं। हालांकि विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने दी सख्त चेतावनी

डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय सिंह ने कहा कि शासन के निर्देश पर जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बिना मान्यता और बिना चिकित्सकीय योग्यता के क्लिनिक संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध क्लिनिक संचालकों में भय का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में जरूरी कदम बताया है।