Chandauli News: लकड़ी के बुरादे की आड़ में शराब तस्करी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
चंदौली (सैयदराजा)। चन्दौली जनपद में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम द्वारा लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-02 हाइवे पर ग्राम जेठमलपुर स्थित सम्राट होटल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी और उसके पीछे एक आइसर ट्रक आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक और फॉर्च्यूनर वाहन में ‘पोटाश’ लिखे कुल 167 टीन के डिब्बों में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 180 एमएल की प्लास्टिक बोतलें और 750 एमएल की शीशियां शामिल थीं। पुलिस ने कुल 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि शराब चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया से लोड की गई थी और उसे बिहार के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग तक पहुंचाया जाना था।
तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए टीन के डिब्बों पर ‘पोटाश’ लिख रखा था और शराब की बोतलों को लकड़ी के बुरादे में छिपा दिया था। फॉर्च्यूनर गाड़ी ट्रक को रास्ता साफ होने की सूचना देने के लिए आगे-आगे चल रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हरियाणा के रोहतक निवासी संदीप कुमार और देवेन्द्र सिंह, पानीपत निवासी सुमित सिंह और अनिल कुमार पंचाल तथा मध्य प्रदेश के नीमच निवासी साजन राठौर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार देवेन्द्र सिंह इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है। बरामद शराब में रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक आइसर ट्रक, एक फॉर्च्यूनर गाड़ी, छह मोबाइल फोन और 5,030 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।