Chandauli News: चंद्रप्रभा और गड़ई नदी की सफाई को लेकर किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

 

चंदौली। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में सोमवार को दर्जनों किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान सिंचाई विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। किसानों ने चंद्रप्रभा नदी और गड़ई नदी की खुदाई एवं सफाई का मुद्दा उठाते हुए जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की।

किसानों का कहना था कि नदियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण हर वर्ष धान की फसल बर्बाद हो जाती है और क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं।

भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने बताया कि चंद्रप्रभा और गड़ई नदी की सफाई के लिए शासन स्तर से टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन सिंचाई विभाग के कुछ अधिकारियों की लापरवाही के चलते अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ डीएम को पूरी स्थिति से अवगत कराया गया है।

उन्होंने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा की सहायक नदियों की खुदाई के लिए अलग से अनुमति लेनी पड़ती है, जिसके कारण देरी हुई है। हालांकि अधिकारियों से बातचीत के बाद चार दिनों के भीतर खुदाई और सफाई कार्य शुरू होने का आश्वासन मिला है।

राणा प्रताप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्य में और लापरवाही हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर शासन स्तर पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री और प्रमुख सचिव स्तर से भी इस कार्य की निगरानी की जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि नदियों की खुदाई होने से बबुरी क्षेत्र के किसानों को बाढ़ और जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

इस मौके पर संतोष कुमार गुप्ता, शरदचंद्र तिवारी, सामू भारद्वाज, सुनील गुप्ता, संतीष सिंह, अवध बिहारी सिंह, गोविंद सिंह, उपेंद्र नारायण सिंह, भरथरी सिंह और दीपक कुमार सिंह समेत कई किसान मौजूद रहे।