Chandauli News: पैतृक जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का खुलासा, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई, धानापुर क्षेत्र में हड़कंप; एक महीने बाद दर्ज हुई एफआईआर
जानकारी के अनुसार यह विवाद स्वर्गीय शमसुद्दीन के बेटों सलाउद्दीन और अरशद हुसैन की जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति के जरिए जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा ली गई।
पीड़ित सलाउद्दीन लंबे समय से पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं, जबकि उनका परिवार गांव में खेती करता है। पीड़ितों का आरोप है कि मनीष मिश्रा नामक व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर रजिस्ट्री कराई।
इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के करीब एक महीने बाद एफआईआर दर्ज की गई है। रजिस्ट्री कराने वाली महिला लक्ष्मीना देवी ने भी बताया कि उन्हें मनीष मिश्रा ने जमीन दिलाने के नाम पर गुमराह किया और फर्जी कागजात के आधार पर रजिस्ट्री कराई।
पूर्व क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, फर्जी रजिस्ट्री में शामिल व्यक्ति मनीष मिश्रा के संपर्क में था और उसके मकान में रहकर काम करता था।
मामले के उजागर होने के बाद से आरोपी क्षेत्र से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मनीष मिश्रा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।