Chandauli News: पुलिया निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी सख्त, एक सप्ताह में काम पूरा करने के निर्देश
May 27, 2026, 17:06 IST
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मुगलसराय के गोधन-नई बस्ती के पास नहर पर बाईपास रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पुलिया निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द रास्ता खोलने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों के हित में नहर में पानी छोड़ा जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की प्रगति की विस्तार से जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही निर्माण स्थल पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।