Chandauli News: बरहनी की गुलाब पट्टी-अरौइया ग्राम सभा में विकास कार्यों की बदली तस्वीर, प्रधान प्रतिनिधि ने गिनाईं उपलब्धियां
ग्राम प्रधान बुद्धि राम के प्रतिनिधि अरुण सिंह ने बताया कि यह एक राजस्व ग्राम सभा है, जिसके अंतर्गत गुलाब पट्टी, अरौइया और भदखरी गांव शामिल हैं। ग्राम सभा की कुल आबादी लगभग 2800 से 3000 के बीच है। यहां लगभग 2200 मतदाता हैं, जिनमें औसतन 1800 वोट पड़ते हैं।
उन्होंने बताया कि गांव में दलित समुदाय की आबादी अधिक है, जबकि पिछड़ा और सामान्य वर्ग के लोग भी बड़ी संख्या में निवास करते हैं। ग्राम सभा की साक्षरता दर लगभग 75 प्रतिशत है। रोजगार के क्षेत्र में अधिकांश लोग कृषि और मजदूरी पर निर्भर हैं। गांव के कई लोग रेलवे, पुलिस, सेना और अन्य सरकारी विभागों में कार्यरत हैं।
पंचायत चुनाव में मिली थी बड़ी जीत
अरुण सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान बुद्धि राम करीब 350 वोटों से विजयी हुए थे। उन्हें लगभग 700 वोट मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी दूसरे स्थान पर रहे थे।
सरकारी योजनाओं का मिल रहा लाभ
प्रधान प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम सभा में अधिकांश पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को भी पुनः शुरू की गई योजना का लाभ दिया गया है। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांग आवास योजना के तहत भी ग्रामीणों को लाभ मिला है।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में 49 वृद्धा पेंशन, 34 विधवा पेंशन तथा मुख्यमंत्री विकलांग आवास योजना के तहत 4 लोगों को लाभ दिया गया है। राशन कार्ड योजना के अंतर्गत लगभग 60 प्रतिशत लोगों को अंत्योदय और 40 प्रतिशत लोगों को पात्र गृहस्थी योजना का लाभ मिल रहा है।
सार्वजनिक तालाब और पेयजल व्यवस्था बनी बड़ी उपलब्धि
अरुण सिंह ने बताया कि पंचायत एक्ट लागू होने के बाद लंबे समय तक गांव में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ था। गांव में सार्वजनिक तालाब तक नहीं था। काली माता मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा हटवाकर वहां तालाब का निर्माण कराया गया, जिससे महिलाओं को छठ पूजा और जिउतिया जैसे पर्वों में सुविधा मिल रही है।
इसके अलावा वर्षों से विवादित जमीन को प्रशासन की मदद से खाली कराकर वहां जल निगम की टंकी बनवाई गई, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
सड़क निर्माण से बढ़ी ग्रामीणों की सुविधा
मनरेगा योजना के तहत ग्राम सभा में करीब 800 मीटर आरसीसी सड़क और 1300 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है। ग्राम सभा में कुल 382 जॉब कार्ड धारक भी हैं।
अंत में प्रधान प्रतिनिधि अरुण सिंह ने कहा कि ग्राम सभा के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यदि जनता दोबारा मौका देती है तो भविष्य में और बेहतर विकास कार्य कराए जाएंगे।