Chandauli News: मुगलसराय में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सबसे पहले सपा कार्यालय ध्वस्त

 
मुगलसराय में चला बुलडोजर, सपा कार्यालय ध्वस्त, रामकिशुन यादव ने जताया विरोध
Chandauli News: मुगलसराय नगर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान शुक्रवार को फिर शुरू हुआ। दो दिन की मोहलत समाप्त होने के बाद प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाना शुरू कर दिया। कार्रवाई की शुरुआत समाजवादी पार्टी कार्यालय को ध्वस्त करने से हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रामकिशुन यादव ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध जताया और मौके पर मुर्दाबाद के नारे लगाए। सपा कार्यकर्ताओं ने भी कार्रवाई को लेकर नाराजगी व्यक्त की।

दो दिन की मोहलत के बाद कार्रवाई

बताया जा रहा है कि अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अवैध निर्माण हटाने के लिए प्रशासन से दो दिन का समय मांगा था। तय समय सीमा पूरी होने के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने दोबारा अभियान शुरू किया और नगर के कई हिस्सों में बुलडोजर चलाया गया।

भारी पुलिस बल रहा तैनात

अभियान के दौरान एसडीएम, ईओ, पीडब्ल्यूडी, सीओ और मुगलसराय थाना पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी विरोध या तनाव की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

प्रशासन का कहना है कि सड़क और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।