Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय में 3 भाई-बहन लापता, छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे, CCTV खंगाल रही पुलिस...

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय में 3 भाई-बहन लापता, छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे; CCTV खंगाल रही पुलिस
 
Chandauli Missing News:चंदौली के मुगलसराय में एक ही परिवार के तीन बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता हो गए हैं। सोमवार सुबह स्कूल जाने के लिए निकले 14 वर्षीय मौसेरी बहन और 7 व 5 साल के दो सगे भाई छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है और CCTV खंगाले जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें।

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और परेशान करने वाली खबर सामने आई है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर के बेचूपुर, सर्कस रोड इलाके से एक ही परिवार के तीन बच्चे रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। बच्चे सोमवार की सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, सर्कस रोड निवासी आबिद सिद्दीकी और उनके साढ़ू नवाब सिद्दीकी के बच्चे मोहल्ले में ही स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ते हैं। लापता बच्चों में आबिद के दो सगे बेटे (उम्र 7 साल और 5 साल) और नवाब की 14 वर्षीय बेटी (जो रिश्ते में बच्चों की मौसेरी बहन है) शामिल हैं।

परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह तीनों बच्चे हमेशा की तरह स्कूल के लिए निकले थे। दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल की छुट्टी हो गई, लेकिन काफी देर होने के बावजूद जब बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो परिवार वाले परेशान हो उठे। उन्होंने बच्चों की काफी खोजबीन की, रिश्तेदारियों में पता किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जब परिजन स्कूल पहुंचे, तो वहां ताला लटका हुआ था।

24 घंटे बाद पुलिस में शिकायत

दिन भर और रात भर बच्चों की खुद तलाश करने के बाद, जब कोई सफलता नहीं मिली, तो हताश होकर पीड़ित परिवार ने मंगलवार की सुबह मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। तीन बच्चों के एक साथ लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तत्काल एक्शन में आ गई है। बच्चों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर, अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे खंगाल रही है ताकि बच्चों की आवाजाही का कोई सुराग मिल सके।

सीओ ने आगे बताया कि डीडीयू स्टेशन सहित आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। इस संबंध में जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) को भी जानकारी दे दी गई है और स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

फिलहाल, पूरा परिवार गहरे सदमे में है और उनकी आखिरी उम्मीद अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

देखें वीडियो...

  <a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/wNfDmDh0TvI?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/wNfDmDh0TvI/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">