चंदौली में 25 जुलाई को लगेगा मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल परीक्षण शिविर, पात्र दिव्यांगजन ऐसे करें आवेदन
चंदौली। चंदौली जिले के दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 जुलाई 2026 को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना के तहत विशेष चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (ALIMCO), कानपुर के सहयोग से विकास खंड सदर परिसर में आयोजित होगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त करने के इच्छुक पात्र दिव्यांगजन निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षण में शामिल हों।
इन दिव्यांगजनों को मिलेगा योजना का लाभ
अधिकारी के अनुसार, योजना का लाभ केवल उन दिव्यांगजनों को मिलेगा जिनके यूडीआईडी (UDID) कार्ड में कम से कम 80 प्रतिशत दिव्यांगता दर्ज है। साथ ही लाभार्थी के परिवार की मासिक आय 22,500 रुपये से कम होनी चाहिए, जिसके लिए वैध आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी
शिविर में पंजीकरण कराने के लिए पात्र दिव्यांगजन अपने साथ यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर आएं।
अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र दिव्यांगजनों से समय पर शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक आवागमन को आसान बनाना है।