चंदौली में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर मां-बेटी से मारपीट
चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरी गांव में नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर मां-बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने गांव के तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता की मां का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मां और बेटी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान नाबालिग के सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना के बाद स्थानीय थाना स्तर पर शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत करते हुए न्याय की मांग की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।