चंदौली मिनी सचिवालय कार्यक्रम! धनऊर ग्राम सभा का विकास कार्य

 

चंदौली। यूपी के जनपद चंदौली के सकलडीहा विकास खंड अंतर्गत धनऊर ग्राम सभा में सोमवार को मिनी सचिवालय पर ग्राम प्रधान बिहारी यादव की अध्यक्षता में विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में शिक्षा, सड़क, मनरेगा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

धनऊर ग्राम सभा एक राजस्व ग्राम है जिसकी कुल आबादी लगभग 5 हजार है। इसमें जामडीह भी शामिल है। धनऊर में 1850 और जामडीह में 850 वोटर हैं। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में बिहारी यादव 267 वोटों से विजयी हुए थे। ग्राम सभा का वार्षिक बजट लगभग 15 लाख रुपये है।

ग्राम विकास से जुड़े मुख्य बिंदु

ग्राम प्रधान ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत करीब 12 लाख रुपये के कार्य सम्पन्न किए गए हैं। धनऊर ग्राम में 100 जॉब कार्ड बन चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को रोज़गार उपलब्ध हो रहा है।
महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 700 और पुरुष मतदाता करीब 2100 हैं।

शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव

ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में सबसे अधिक प्रगति दिखाई देती है।
धनऊर ग्राम सभा में तीन सरकारी विद्यालय हैं, जहाँ पहले बच्चों को टाट–पट्टी पर बैठना पड़ता था। ग्राम प्रधान द्वारा तीनों विद्यालयों में टाइल्स, डेस्क-बेंच, बाउंड्री वाल सहित अन्य विकास कार्य कराए गए हैं।
मिड-डे-मील भी अब नियमानुसार मेन्यु के आधार पर परोसा जा रहा है।

सरकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा

ग्रामीण सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम में आने वाली सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से मिनी सचिवालय में आयोजित बैठकों के माध्यम से दी जाती है। ग्राम प्रधान समय-समय पर सभी को योजनाओं के लाभ और प्रक्रिया के बारे में अवगत कराते हैं।

ग्राम प्रधान का संकल्प

ग्राम प्रधान बिहारी यादव ने कहा कि -
मोदी जी और योगी जी की योजनाओं ने ग्रामीण विकास को नई गति दी है। हमारा फोकस मनरेगा रोजगार, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, राशन कार्ड, शिक्षा और गाँव की सड़कों पर है। हमने काम भी किया है और आगे भी इसी संकल्प के साथ विकास करते रहेंगे।