चंदौली में सात दिन गूंजेगी भागवत कथा, प्रयागराज से मंगाया जा रहा विशाल पंडाल

चंदौली: माधोपुर में 26 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
 
चंदौली: माधोपुर में 26 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर गांव में 26 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने पिता स्वर्गीय राम अवध सिंह की पुण्यतिथि पर यह आयोजन करा रहे हैं। कथा की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

आयोजन स्थल पर पंडाल निर्माण और जमीन समतल करने का काम चल रहा है। आयोजकों को कथा और अंतिम दिन होने वाले भंडारे में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

 

आयोजकों के अनुसार, प्रयागराज से विशेष पंडाल मंगाया जा रहा है, जिसमें करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित गौरांगी गौरी जी 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रतिदिन कथा सुनाएंगी। कथा का समय दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया है।

 

माधोपुर के पूर्व प्रधान राजू सिंह ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय क्षेत्र के अलावा वाराणसी और बिहार के पटना से भी कारीगर बुलाए जा रहे हैं। दो दिसंबर को कथा के समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन होगा। इसमें 400 से अधिक कारीगर प्रसाद और विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार करेंगे।

आयोजन की तैयारियों के लिए दस बीघा से अधिक जमीन पर लगी धान की फसल कटवाई गई है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा पूरी तरह गैर-राजनीतिक रहेगी। इसमें चंदौली सहित आसपास के जिलों से भी श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।

आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं, ताकि सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।