कोटे के चुनाव में धांधली का आरोप, ग्रामीणों ने पुनः चुनाव की उठाई मांग
चंदौली। सैयदराजा कोतवाली क्षेत्र के जेवरिया बाद गांव में कोटे के चुनाव को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर तहसील दिवस पहुंचे और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कोटे के चयन के लिए पहले ही तीन बार चुनाव कराया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद चौथी बार पुनः चुनाव कराए जाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रक्रिया कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में कराई गई, जिससे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बाहरी लोगों को बुलाकर मतदान कराया जा रहा है। उनका कहना है कि गांव के वास्तविक मतदाताओं की अनदेखी कर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो चुनाव प्रक्रिया को निरस्त कर पुनः निष्पक्ष मतदान कराया जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव ही गांव के लोगों का विश्वास बहाल कर सकता है।
इस मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
फिलहाल प्रशासन ने ग्रामीणों से प्राप्त शिकायत और ज्ञापन को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है।