Chandauli News: दो बेटियों की मां की संदिग्ध मौत से हड़कंप! परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

 
 

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री ज्योति यादव का विवाह वर्ष 2019 में खोनपुर गांव निवासी रंजीत यादव के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

मृतका के परिजनों का कहना है कि सोमवार को उन्हें ज्योति की मौत की सूचना मिली। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि ससुराल पक्ष बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर कई बार पंचायतें भी हुई थीं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। घटना के बाद मृतका के चाचा उमाशंकर यादव ने बलुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतका अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।