चंदौली: पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश, 1.65 करोड़ की अवैध शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चंदौली की अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने 932 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का भी किया प्रयास। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।
 

चंदौली। जनपद की अलीनगर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने मंगलवार को शराब तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिंधीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। तस्करी की जा रही इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस टीम को जान से मारने का प्रयास

जानकारी के अनुसार, प्रभारी थानाध्यक्ष अलीनगर शरद गुप्ता और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम सिंधीताली पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रहे एक ट्रक (RJ14GN7944) को रुकने का इशारा किया गया। तस्कर ने पकड़े जाने के डर से ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने कूदकर अपनी जान बचाई और घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।

लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाया था 'जाम'

जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो ऊपर से लकड़ी का बुरादा लदा हुआ था। लेकिन बुरादे को हटाने पर पुलिस की आंखें फटी रह गईं। ट्रक के अंदर 932 पेटियों में कुल 9031 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। इसमें किंगफिशर, रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू और ऑल सीजन जैसे ब्रांड्स की बोतलें शामिल थीं। सभी बोतलों पर "For Sale in Punjab Only" लिखा था और उनके क्यूआर कोड खुरच दिए गए थे ताकि उनकी ट्रैकिंग न हो सके।

बिहार में खपाने की थी तैयारी

पुलिस ने मौके से राजस्थान के राजसमंद निवासी तस्कर जगदीश लोहार (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जा रहा था। बिहार में शराबबंदी के कारण वहाँ ऊंचे दामों पर शराब बेचकर वह मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था।

कानूनी कार्रवाई

अलीनगर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु.अ.सं. 260/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे जुड़े बड़े सिंडिकेट का पता लगाने में जुट गई है।