चंदौली में 3 करोड़ की हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, गोधना मोड़ पर पुलिस की कार्रवाई
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। अलीनगर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 1 किलो 20 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 5 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। टीम ने गोधना मोड़ अंडरपास सर्विस रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए से मिलते-जुलते एक युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी में मिला 1.020 किलो हेरोइन
पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 1 किलो 20 ग्राम भूरे रंग का पाउडर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने अवैध हेरोइन बताया। इसके अलावा आरोपी के पास से 650 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक सोनकर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह झोरिया जगदीशपुर, बाबतपुर, थाना फूलपुर, वाराणसी का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में दूसरे व्यक्ति का नाम सामने आया
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसे यह हेरोइन आयुष श्रीवास्तव, निवासी आकाशवाणी के पास महमूरगंज, वाराणसी ने दी थी। आरोपी के अनुसार उसे गोधना मोड़ हाईवे के पास खड़े होकर किसी अन्य व्यक्ति को हेरोइन सौंपने और बदले में पैसे लेने के लिए कहा गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पैसों के लालच में इस काम में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले में बताए गए अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
मामले में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 560/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अलीनगर पुलिस और एएनटीएफ टीम रही शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी, उपनिरीक्षक अमित सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कनौजिया और रिजर्व कांस्टेबल अमित कुमार यादव शामिल रहे।
वहीं एएनटीएफ वाराणसी टीम की ओर से उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल सचिन कुशवाहा, हेड कांस्टेबल इन्द्रजीत कुमार, कांस्टेबल आशुतोष त्रिपाठी और कांस्टेबल अभिषेक पाण्डेय कार्रवाई में शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।