चुनाव से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन! चंदौली में डीएम ने जांची EVM और VVPAT की सुरक्षा व्यवस्था
चंदौली। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत किया गया, जिसके अंतर्गत प्रत्येक माह ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने वीवीपैट गोदाम का भी निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप बनी रहें।
जिलाधिकारी ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी संभावित कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।