चंदौली में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से EVM-VVPAT की जांच
चंदौली। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 से चंदौली कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) शुरू होगी। इस प्रक्रिया के दौरान मशीनों की तकनीकी स्थिति और कार्यक्षमता की जांच की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि EVM-VVPAT की जांच के दौरान सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
तीन स्तरीय सुरक्षा और CCTV निगरानी पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही साफ-सफाई, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता और बैरिकेडिंग को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि FLC प्रक्रिया में शामिल होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को वेयरहाउस में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगी जांच
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि EVM और VVPAT की First Level Checking तकनीकी विशेषज्ञों की टीम द्वारा की जाएगी। इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की जांच, सीलिंग और मॉक पोल कराया जाएगा।
इसके लिए संबंधित राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों को सूचना भेजी गई है तथा निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है।
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में EVM-VVPAT की जांच को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। इससे मशीनों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण करने और निर्वाचन प्रक्रिया के लिए आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूरा करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव की तैयारियों का भी लिया जायजा
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के एमएलसी चुनाव की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव में इस्तेमाल होने वाली स्टेशनरी सामग्री, मतपेटियों की साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा संबंधी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।