चंदौली में दर्दनाक हादसा! जहरीले सांप के डसने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 चंदौली के धानापुर में घर के बाहर खेल रहे 3 वर्षीय मासूम की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में घटना की पुष्टि हुई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
 
धानापुर कस्बे में घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, सीसीटीवी फुटेज से सांप के काटने की हुई पुष्टि

चंदौली। चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सांप के डसने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान रघुनाथ सेठ, पुत्र पवन सेठ, के रूप में हुई है।

घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे रघुनाथ अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घर के पास रखे करकट (कबाड़) में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

शुरुआत में परिजनों को किसी विषैले जीव के काटने का संदेह था, लेकिन जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो उसमें सांप के काटने की घटना स्पष्ट दिखाई दी। इसके बाद परिजन बच्चे को तत्काल इलाज के लिए चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। परिजन उसे सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मासूम की मौत के बाद उसकी मां अनामिका सेठ, दादा श्यामनारायण सेठ, बड़े पापा विष्णु सेठ सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की करीब 6 वर्षीय बड़ी बहन कुहू भी इस घटना के बाद गहरे सदमे में है।

सपेरे ने पकड़ा सांप

मृतक के बड़े पापा विष्णु सेठ ने बताया कि घटना की रात ही सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़ लिया गया और उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। बुधवार सुबह नरौली गंगा घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।