चंदौली: रसोईया ने कराई प्रार्थना, शिक्षक प्रशिक्षण में व्यस्त—वीडियो वायरल के बाद मचा हड़कंप
चंदौली। जनपद के धानापुर विकासखंड स्थित बड़ौरा खालसा प्राथमिक विद्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शिक्षकों की अनुपस्थिति में रसोईया द्वारा बच्चों को प्रार्थना कराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 8:19 बजे का यह वीडियो है, जिसमें रसोईया नीलम देवी बच्चों को लाइन में खड़ा कर प्रार्थना कराती नजर आ रही हैं। इस दौरान विद्यालय में एक भी शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित रही।
क्या है पूरा मामला
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय के सभी शिक्षक जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए सकलडीहा गए हुए थे। इसके चलते विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य ठप पड़ गया। बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी रसोईया पर आ गई, जिसने स्थिति को देखते हुए प्रार्थना करवाई।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने दूसरे विद्यालय से एक शिक्षक को भेजकर पढ़ाई शुरू करवाई। साथ ही उन्होंने माना कि सभी शिक्षकों को एक साथ प्रशिक्षण में भेजना प्रशासनिक चूक थी और भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सूर्यबली यादव ने बताया कि स्कूल में तीन शिक्षक तैनात हैं और तीनों की ड्यूटी जनगणना प्रशिक्षण में लगने के कारण वे अनुपस्थित थे।
वहीं, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने भी मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से हस्तक्षेप कर बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि शिक्षकों को पढ़ाई छोड़ अन्य कार्यों में लगाने से बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है, जहां प्रशासनिक व्यवस्थाओं के कारण स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और बच्चों की पढ़ाई कैसे पटरी पर लौटती है।