चंदौली में छठ की तैयारियों के दौरान दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत
चंदौली। छठ पूजा की तैयारियों के बीच धानापुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। विजयदशमी पोखरा पर पोस्टर लगाने का काम कर रहा 18 वर्षीय युवक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान वाराणसी निवासी कार्तिक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, छठ पूजा को लेकर विजयदशमी पोखरा पर लाइटिंग और पोस्टर लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान कार्तिक भी वहां मिस्त्री के तौर पर काम कर रहा था। पोस्टर लगाने के दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद छठ पूजा की तैयारियों में जुटे लोगों में शोक का माहौल है। त्योहार से पहले हुई इस घटना ने परिवार और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।