चंदौली में तेज रफ्तार कार मिट्टी के टीले से टकराई, एयरबैग खुलने से बची दो लोगों की जान
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मिट्टी के टीले से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, टक्कर के तुरंत बाद कार के एयरबैग खुल जाने से दोनों की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। अनियंत्रित कार सीधे मिट्टी के टीले से जा टकराई, जिससे वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना देकर दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर "भारत सरकार" लिखा हुआ था। हादसे के बाद आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।