संविधान दिवस पर बिछिया में कार्यक्रम, संविधान के सम्मान और रक्षा का लिया संकल्प
चंदौली। संविधान दिवस के अवसर पर बिछिया में लॉर्ड बुद्धा डॉ. अंबेडकर सेवा समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संविधान के महत्व, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान और उनके विचारों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संविधान के सम्मान और उसकी रक्षा के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान बच्चों और महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अपनी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र लहरी का समिति की ओर से माला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र लहरी ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार दिया है। संविधान सभी को बराबरी का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से संविधान में निहित मूल्यों को अपनाने और उसके प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
अधिवक्ता रामजनम बागी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से वंचित और दबे-कुचले वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और अधिकारों की लड़ाई में मार्गदर्शन करते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भगवान बुद्ध और बाबा साहब के विचारों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक बदलाव और विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के प्रसार और आपसी समानता की भावना को मजबूत करना जरूरी है।
इस अवसर पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।