चंदौली: 3 दिन के धरने के बाद किसानों की जीत, सरया गांव में बढ़ाई गई ट्रांसफार्मर की क्षमता

 

चंदौली। जिले के धानापुर क्षेत्र अंतर्गत सरया ग्राम पंचायत में किसानों के तीन दिवसीय अनिश्चितकालीन धरने के बाद आखिरकार बिजली विभाग को झुकना पड़ा। किसानों की मांग पर विभाग ने गांव में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा दी है, जिससे लंबे समय से चली आ रही बिजली संकट की समस्या का समाधान हो गया है।

भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के बैनर तले किसान रविवार से धरने पर बैठे थे। किसानों की मुख्य मांग थी कि जले हुए ट्रांसफार्मर को बदला जाए और उसकी क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि बार-बार खराब होने की समस्या से निजात मिल सके। किसानों का कहना था कि पिछले करीब 16 दिनों से ट्रांसफार्मर जला हुआ था, जिससे सिंचाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया था और फसलों को भारी नुकसान हो रहा था।

किसान नेता पिंटू पाल ने बताया कि कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर गांव की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा था, जिसके कारण वह बार-बार जल जाता था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग हरकत में आया। इस संबंध में एसडीओ सुधीर कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति में कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं। सरया गांव में ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान बीरेंद्र प्रताप यादव द्वारा पहले ही ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया था, जिसे शासन स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद अब पूरा कर लिया गया है।

धरना समाप्त होने के बाद किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने इसे अपनी एकजुटता की जीत बताया और कहा कि यदि इसी तरह प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान करता रहा तो भविष्य में ऐसे आंदोलनों की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

धरना प्रदर्शन में दीनानाथ श्रीवास्तव, शेषनाथ यादव, विजयकांत पासवान, गुड्डू शर्मा, अरुण तिवारी, राजेश यादव, सरवन यादव, भानु यादव, बाबूलाल यादव, नव युवक मंगल दल के युवा अध्यक्ष कपिल देव यादव, अंजनी तिवारी, रामआवध यादव, अखिलेश यादव, मृत्युंजय यादव और मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। धरने का संचालन गुड्डू पासवान ने किया।