चन्दौली प्रशासन अलर्ट मोड में, अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश
चन्दौली। जनपद में बिजली व्यवस्था, अवैध खनन और पेट्रोल-डीजल की बिक्री को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में विद्युत विभाग, खनन विभाग तथा पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे फोन रिसीव कर उपभोक्ताओं को सही जानकारी दें तथा समस्याओं का संतोषजनक समाधान करें।
विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1912 तथा मंडलीय कार्यालय कंट्रोल रूम नंबर 9415696764 जारी किया गया है।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाया जाए और जहां कहीं भी अवैध खनन या नियमों का उल्लंघन पाया जाए वहां कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट के वाहनों और लिंक रोड के जरिए टोल टैक्स बचाकर वाहनों के संचालन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी, पुलिस और एनएचएआई को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को भी अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा गया।
पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी दशा में गैलन में पेट्रोल या डीजल की बिक्री न की जाए। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को स्वयं उपस्थित रहकर बिक्री की निगरानी करने को कहा, ताकि कोई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन न कर सके।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के पेट्रोल पम्पों पर लगातार निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध बिक्री की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, प्रभारी वनाधिकारी शिवशंकर, अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा, समस्त उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।