चंदौली: परिजनों की डांट से सहमा नौ साल का बच्चा घर में ही छिपा, रातभर हलकान रही पुलिस

टॉफी चोरी की शिकायत पर मिली थी फटकार, स्टोर रूम की छत पर बोरा ओढ़कर सो गया था कार्तिक; भोर में खांसने की आवाज से चला पता
 

पड़ाव, चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में शनिवार रात नौ वर्षीय बालक के अचानक लापता होने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। सूचना मिलने पर जलीलपुर पुलिस भी खोजबीन में जुट गई। गांव के तालाब, कुओं और गंगा घाट तक तलाश की गई, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। रविवार भोर में घर के ऊपर बने स्टोर रूम की छत से खांसने की आवाज आई तो उसकी मौजूदगी का पता चला। बालक वहीं बोरा ओढ़कर छिपा हुआ था। उसे सुरक्षित देखकर परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली।

मढ़िया गांव निवासी सब्जी व्यवसायी का नौ वर्षीय बेटा कार्तिक शनिवार को घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पड़ोस की दुकान से टॉफी चुराने की शर्त लगी। कार्तिक ने दुकान से टॉफी उठा ली। दुकानदार को इसकी जानकारी हुई तो उसने परिजनों से शिकायत कर दी। इस पर परिवार के लोगों ने कार्तिक को डांट दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात से वह डर गया था।

कुछ देर बाद घर के सभी सदस्य छठ पर्व की तैयारियों में व्यस्त हो गए। इसी बीच कार्तिक घर की छत पर बने स्टोर रूम के ऊपर पहुंच गया और वहां बोरा ओढ़कर सो गया। रात में जब वह घर में नहीं मिला तो परिजनों ने पहले आसपास के मोहल्ले और परिचितों के यहां उसकी तलाश की। काफी देर तक खोजने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी। देर रात डायल 112 पर सूचना दी गई।

सूचना पर जलीलपुर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों से जानकारी लेने के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस और ग्रामीणों ने गांव के तालाब, पोखरों, कुओं तथा गंगा घाट के आसपास भी तलाश की। कई घंटे तक खोजबीन के बावजूद बालक का पता नहीं चल सका।

रविवार की भोर में घर के ऊपर बने स्टोर रूम की छत से खांसने की आवाज सुनाई दी। परिजनों और पुलिसकर्मियों ने वहां जाकर देखा तो कार्तिक बोरा ओढ़े छिपा मिला। बालक के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।