सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 87 शिकायतें, डीएम बोले- जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...
चंदौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को चकिया तहसील सभागार में जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी जिलाधिकारी आर. जगत साई ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीब, कमजोर और पीड़ित व्यक्तियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों को बिना ठोस कारण लंबित रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, विकास, विद्युत एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित रहीं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी चकिया, पीडी डीआरडीए, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, थानाध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस के बाद चला पौधरोपण अभियान
सम्पूर्ण समाधान दिवस की समाप्ति के बाद तहसील परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। प्रभारी जिलाधिकारी आर. जगत साई एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।