चंदौली में करंट की चपेट में आने से सांड की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश  

 

चंदौली। धानापुर विकासखंड के प्रसहता गांव में स्ट्रीट लाइट में करंट उतरने से एक छुट्टा सांड की मौत हो गई। घटना के समय लाइट के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बारिश के कारण जमीन गीली होने से करंट उतरने की स्थिति और भी खतरनाक हो गई थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में लगी स्ट्रीट लाइट ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की ओर से लगवाई गई थी। पूर्व प्रधान सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि स्ट्रीट लाइट लगाने में लापरवाही बरते जाने के कारण उसमें करंट उतर गया। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने बिजली विभाग को दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। हालांकि, तब तक सांड की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद ग्रामीणों में स्ट्रीट लाइट लगाने वाली कंपनी के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते लाइटों की जांच और खामियों को दूर कर दिया जाए तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले नेगुरा गांव स्थित जय सिंह स्टेडियम में भी स्ट्रीट लाइट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

खंड विकास अधिकारी राकेश मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।