चंदौली में करंट की चपेट में आने से बीएसएफ जवान की मौत, गांव में शोक

 
चंदौली। जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत करजरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में बीएसएफ जवान की मौत हो गई। घर की सफाई के दौरान करंट लगने से जवान गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आनंद कुमार अपने घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शनिवार सुबह धानापुर थाना क्षेत्र स्थित गुरैनी गंगा घाट पर बीएसएफ जवान आनंद कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार आनंद कुमार तीन वर्ष पहले बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। वह अपने तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके पिता राम बचन यादव किसान हैं, जबकि माता का नाम बिंदु देवी बताया गया है। आनंद कुमार अविवाहित थे।

ग्रामीणों ने बताया कि आनंद कुमार बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के थे। बीएसएफ में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी का माहौल था। उनके असमय निधन से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।