मोहरगंज किन्नर प्रकरण में बड़ा मोड़, खुशबू किन्नर गिरफ्तार, रंगदारी और साजिश के आरोप में भेजी गई जेल

 

चंदौली। जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज गांव में चर्चित किन्नर प्रकरण ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने रंगदारी मांगने, साजिश रचने और सड़क जाम करने के आरोप में मोहरगंज निवासी खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोहरगंज क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद कुछ महीने पहले उस समय शुरू हुआ था जब मोहरगंज स्थित किन्नरों के आवास पर विस्फोट की घटना हुई थी। घटना के बाद खुशबू किन्नर ने अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू और विकास सिंह समेत करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किन्नर समुदाय ने चहनिया बाजार में घंटों चक्काजाम कर प्रदर्शन भी किया था। उस समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि विकास सिंह ने बाद में अदालत में सरेंडर कर दिया था।

मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी पक्ष के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे प्रकरण की शिकायत की और कई साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। परिजनों का आरोप था कि खुशबू किन्नर ने पुलिस की मिलीभगत से खुद पर हमले और विस्फोट की घटना की साजिश रची, ताकि विरोधी पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाया जा सके। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू से शादी का दावा करने वाली खुशबू किन्नर मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की रंगदारी मांग रही थी।


शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को हटा दिया गया और मामले की निष्पक्ष जांच एडीजी के निर्देश पर जौनपुर पुलिस को सौंपी गई। जौनपुर पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच कर साक्ष्य जुटाए और अपनी रिपोर्ट तैयार की।

जांच रिपोर्ट और उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद चंदौली पुलिस ने शनिवार को भारी पुलिस बल के साथ मोहरगंज में दबिश देकर खुशबू किन्नर को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे रंगदारी मांगने, साजिश रचने और सड़क जाम करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि खुशबू किन्नर के खिलाफ धमकी देकर रंगदारी मांगने और कानून व्यवस्था बाधित करने के आरोप पाए गए हैं। मामले की जांच अभी भी जारी है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, गिरफ्तारी के बाद किन्नर समुदाय में संभावित नाराजगी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मोहरगंज क्षेत्र में पुलिस की लगातार गश्त कराई जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।