चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता! 25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, 80 लीटर अवैध कोडिन कफ सिरप बरामद
चंदौली। जनपद चंदौली की अलीनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 80 लीटर अवैध कोडिन युक्त कफ सिरप भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दयाशंकर पुत्र स्व. जनक सिंह, निवासी जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। उसे महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडिन कफ सिरप बरामद किया। आरोपी पहले पकड़ी गई 720 लीटर अवैध कफ सिरप खेप से भी जुड़ा है।चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडिन कफ सिरप बरामद किया। आरोपी पहले पकड़ी गई 720 लीटर अवैध कफ सिरप खेप से भी जुड़ा है।
गौरतलब है कि 22 जुलाई 2026 को अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास खड़े एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली थी। ट्रक में मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों में 7,200 शीशियां (720 लीटर) अवैध कोडिन एवं एस्कफ कफ सिरप बरामद की गई थीं। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान दयाशंकर का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक का चालक है। प्रयागराज में मुर्गी दाने की बोरियों के बीच अवैध कोडिन कफ सिरप लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाया जाना था। ट्रांसपोर्टर द्वारा ट्रक रुकवाने के बाद कुछ अवैध माल अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया गया था। आरोपी उसी छिपाए गए माल को लेने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।